गाजीपुर। नामांकन के तीसरे दिन सोमवार को 15 प्रत्याशियों ने नामजगदी के पर्चे दाखिल किए। सपा के ओमप्रकाश सिंह, डा. वीरेंद्र यादव, सुभासपा से वेदी राम, भाजपा की आलका राय, निषाद पार्टी से सुभाष पासी ने धूमधाम से नामांकन किया। नामांकन के चलते कचहरी के आसपास का इलाज जाम हो गया था।
बसपा से डा. मुकेश सिंह, माधवेंद्र राय और डा. विनोद कुमार, कांग्रेस से अरविंद किशोर राय, सुनील राम, अजय राजभर, आप से मनोज यादव, कम्युनिस्ट पार्टी से डा. रामबदन सिंह, सर्वराज्य पार्टी से लाल मोहर राम और हमदर्द पार्टी से दिलशाद अहमद ने भी नामांकन किया। सबसे पहले सुबह 10.45 बजे मुहम्मदाबाद से भाजपा प्रत्याशी अलका राय गेट नंबर एक से कलेक्ट्रेट परिसर में दाखिल हुईं और एक बजे तक चार सेटों में पर्चा दाखिल करके बाहर निकलीं। सुबह 11 बजे जंगीपुर से सपा प्रत्याशी वीरेंद्र यादव नामांकन के लिए पहुंचे। गेट नंबर छह से कलेक्ट्रेट परिसर में दाखिल हुए और नामांकन की प्रक्रिया 12.30 बजे तक पूरी कर ली।
अफीम फैक्ट्री की ओर से 11.30 बजे जमानिया से सपा प्रत्याशी ओमप्रकाश सिंह समर्थकों की भीड़ के साथ नामांकन करने पहुंचे। अफीम फैक्ट्री पर ज्यादातर लोगों को रोक दिया गया और कुछ लोगों को कचहरी के पास बैरिकेडिंग के पास रोक दिया गया। नामांकन के लिए ओम प्रकाश सिंह और दो प्रस्तावक ही कलेक्ट्रेट की ओर आए। गेट नंबर एक से उन्होंने प्रस्तावकों के साथ प्रवेश किया। चार सेटों में नामांकन पत्र दाखिल कर एक बजे कलेक्ट्रेट से बाहर निकले। इस दौरान अफीम फैक्ट्री से लेकर आदर्श इंटर कालेज गेट जाम लग गया था।
मुहम्मदाबाद से कांग्रेस के प्रत्याशी अरविंद किशोर राय 10.45 बजे पहचें और दो सेट में नामांकन करके एक बजे कलेक्ट्रेट से बाहर निकल गए। मुहम्मदाबाद से ही बसपा के प्रत्याशी माधवेंद्र राय नामांकन के लिए 12.20 बजे गेट नंबर एक से दाखिल हुए और दो सेट में पर्चा दाखिल किया। कांग्रेस के जखनियां से प्रत्याशी सुनील राम नामांकन के लिए 12.30 बजे गेट नंबर एक से प्रवेश किया। दो सेटों में नामांकन दाखिल कर दो बजे बाहर निकल आए।
जंगीपुर से बसपा के प्रत्याशी डा. मुकेश सिंह 1.30 बजे गेट नंबर छह से नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट में दाखिल हुए। दो सेटों में नामांकन दाखिल कर तीन बजे के करीब बाहर निकल आए। सबसे आखिरी में सैदपुर से निषाद पार्टी के प्रत्याशी सुभाष पासी 2.40 बजे नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट में प्रवेश किया। जो एक सेट में नामांकन दाखिल कर 4 बजे के करीब कलेक्ट्रेट से बाहर निकले।
इनके अलावा सपा और सुभासपा गठबंधन से जखनियां के प्रत्याशी वेदी राम ने तीन सेट, बसपा से सैदपुर के डा. विनोद कुमार ने तीन सेट, कांग्रेस के जंगीपुर से प्रत्याशी अजय राजभर ने दो सेट , कम्युनिस्ट पार्टी के जंगीपुर प्रत्याशी डा. रामबदन सिंह ने दो सेट, सदर से हमदर्द पार्टी के प्रत्याशी दिलशाद अहमद ने तीन सेट, आप से मुहम्मदाबाद के प्रत्याशी मनोज यादव ने एक सेट, जहूराबाद से सर्वराज्य पार्टी से लोल मोहर राम एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया।