थानाक्षेत्र में रहने वाली एक दिव्यांग महिला से शनिवार रात कार चालक ने रेप की कोशिश की। वह महिला को लिफ्ट देने के बहाने कार मेें बैठाकर सुनसान जगह ले गया और उसे अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की।
गनीमत रही कि महिला का शोर सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे और आरोपी को दबोच लिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची मसूरी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है, रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
महिला के मुताबिक, वह विधवा है। थानाक्षेत्र स्थित एक मीट फैक्ट्री में नौकरी करती है। शनिवार रात आठ बजे फैक्ट्री से अकेले पैदल घर लौट रही थी। इस दौरान कालोनी में रहने वाला अमर पाल कार लेकर आया।
उसे घर जाने के लिए लिफ्ट देने के बहाना कर कार में बैठा लिया। कुछ दूर चलते ही उसने कार सुनसान जगह की ओर मोड़ दी। कार में उससे छेड़खानी करने लगा, विरोध करने पर कपडे़ फाड़ दिए।
विरोध में वह चिल्लाई तो वहां से जा रहे कुछ राहगीरों ने आरोपी को दबोच लिया। एसओ मसूरी शावेज खां ने बताया कि आरोपी के खिलाफ छेड़खानी का मामला दर्ज किया गया है, महिला ने तहरीर में रेप की कोशिश का जिक्र नहीं किया है।