प्रदेश सरकार ने पुखरायां से घाटमपुर होते हुए बिंदकी तक स्टेट हाईवे-46 के चौड़ीकरण की कवायद तेज कर दी है। राज्य सरकार ने रिपोर्ट बनाने के लिए नोएडा की कंपनी ईशान कॉरपोरेशन को नामित किया है।
राज्य राजमार्ग प्राधिकरण ने कानपुर देहात, कानपुर नगर और फतेहपुर के जिलाधिकारियों को भू अर्जन प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए हैं। चौड़ीकरण होने से यहां से गुजरने वाले वाहन जल्द फर्राटा भरते नजर आएंगे। 83 किलोमीटर लंबे इस हाईवे पर दूरी तय करने में अभी वाहन वाहनों डेढ़ घंटे का वक्त लगता है। उच्चीकरण में कानपुर देहात 15, कानपुर नगर 23 और फतेहपुर के 22 गांवों की जमीनों का अधिग्रहण होगा।
पुखरायां के भोगनीपुर से शुरू होने वाले स्टेट हाईवे-46 की कुल दूरी 83.7 किलोमीटर है, इसमें कानपुर देहात में 23 किलोमीटर, कानपुर नगर में 35 किलोमीटर और फतेहपुर में 25 किलोमीटर सीमा आती है। रिपोर्ट बनाने के लिए ईशान इंडिया कॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड को उसका कंसलटेंट नियुक्त किया है।
इस बाबत राज्य राजमार्ग प्राधिकरण ने तीनों जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर राजमार्ग पर आने वाले गांवों के भू-अर्जन प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। राज्य राजमार्ग प्राधिकरण की विशेष कार्याधिकारी अंजू कटियार ने बताया तीनों जिलों के जिलाधिकारियों को भू-अर्जन प्रस्ताव बनाने को पत्र भेजा गया है। प्रस्ताव मिलने के बाद नोएडा की ईशान कॉरपोरेशन फिजिबिलिटी की रिपोर्ट बनाएगी। इसके बाद हाईवे को संवारने का काम शुरू हो सकेगा।