घाटमपुर कस्बे के कानपुर रोड पर स्थित एक आटो पार्ट्स की दुकान में छापा मारकर नकली मोबिल ऑयल पकड़ा गया। एक नामी कंपनी के लेबल लगे डिब्बों के पैक में भीतर घटिया माल मिला।
कंपनी के मैनेजर की ओर से थाने में दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मोबिल ऑयल निर्माता कंपनी कोस्ट्रॉल के क्षेत्रीय कंपनी मैनेजर लाला सिंह ने बताया कि उनको घाटमपुर और आसपास के कसबों में उनकी कंपनी के नाम का लेबल लगाकर नकली माल बिक्री होने की सूचना मिली।
इस पर उन्होंने अपने सहयोगी सुनील और स्थानीय पुलिस की मदद से कसबे के कानपुर रोड पर स्थित एक आटो पार्ट्स की दुकान में छापा मारा।
बताया कि छापे के दौरान दुकान से उनकी कंपनी के नाम के तमाम छोटे-बड़े डिब्बों में पैक मोटर वाहनों में प्रयोग होने वाला नकली मोबिल आयल पकड़ा गया।
बताया कि बरामद डिब्बों के ढक्कन में लगने वाली कंपनी की सील गायब थी। जबकि, किसी भी डिब्बे के ढक्कन और उसकी पीठ पर लिखे सीरियल और बैच नंबर भी मेल नहीं खा रहे थे।
बताया कि दुकानदार गोलू पुत्र छुन्ना अहमद निवासी ग्राम भदरस, थाना घाटमपुर (कानपुर) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बरामद माल को सील करने के बाद नमूना जांच के लिए भेजा गया है।
बताया कि कंपनी मैनेजर की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है। इधर, नकली मोबिल ऑयल की बरामदगी और छापे पड़ने की खबर पर कसबे के अन्य दुकानदार शटर बंद कर दुबक गए।