भीतरगांव (कानपुर)। कस्बे के सतरहुली और ढूहरपुर गांवों में चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के जेवर और नगदी पार कर दिए। पुलिस में मामलों की तहरीर दी गई है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।
पहली घटना पुलिस चौकी भीतरगांव के सतरहुली गांव में हुई। ओमकार यादव ने बताया कि सोमवार को वह अपनी भांजी की शादी तय करने के लिए पुखरायां (कानपुर देहात) गया था। घर में बच्चे और पत्नी विमला अकेली थी। बताया कि रात में छत पर सोने चली गई। इधर, मौका देखकर चोरों ने घर में धावा बोला। मकान की चहारदीवारी फांदकर अंदर घुसे चोरों ने कमरे के दरवाजे की कुंडी-ताला तोड़ा। इसके बाद अलमारी और बक्से का ताला तोड़ने के बाद उनमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और पांच हजार रुपये नगद पार कर दिए। ओमकार यादव ने बताया कि चोर सोने का हार, चेन, मंगलसूत्र, दो अंगूठी, बाले, हाफपेटी और तोड़िया सहित कुछ अन्य जेवर ले गए हैं। सुबह पत्नी जब छत से नीचे आई तो उसको घटना की जानकारी हुई।
दूसरी घटना पुलिस चौकी साढ़ के ढूहरपुर गांव निवासी रामपाल सविता के घर हुई। बताया कि सोमवार की रात वह परिवार के सदस्यों के साथ पड़ोसी गांव छतेरुआ गया था। तभी घर बंद देखकर चोरों ने ताला तोड़कर नगद और जेवर चोरी कर ले गए। रमपाल ने चोरी की घटना में अपने पड़ोस के ही एक युवक पर शक जाहिर करते हुए पुलिस चौकी में तहरीर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
चोरों ने दो घर से लाखों के जेवर व नगदी किए पार
अमर उजाला ब्यूरो