फिरोजाबाद। कोरोना की संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है। टीकाकरण 2.0 अभियान की शुरुआत आज से जिले में होगी। जिले के चार केंद्रों पर सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक टीकाकरण किया जाएगा। वहीं, क्लस्टर बनाकर गांव-गांव टीमें दस्तक देंगी। पहले दिन 33 हजार लोगों को कोरोना से बचाव के लिए टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
टीकाकरण 2.0 अभियान के तहत जिला अस्पताल, जिला संयुक्त अस्पताल शिकोहाबाद, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टूंडला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसागंज को विशेष केंद्र बनाया गया है। सोमवार सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक टीकाकरण किया जाएगा। यह अभियान विशेष रूप से नौकरीपेशा और अन्य कामकाज से जुड़े लोगों के लिए चलाया जा रहा है।
सोमवार से शुरू होने वाले विशेष अभियान में तैनात कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी केंद्रों पर व्यवस्थाओं के लिए दौड़ते रहे। अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों पर फोकस बढ़ाने के लिए लेखपालों के माध्यम से टीकाकरण का आकलन कराया जाएगा।
- टीकाकरण के लिए अभियान की शुरुआत एक सितंबर से की जा रही है। जिले में पर्याप्त वैक्सीन है। लोग जागरूक होकर टीकाकरण कराएं। जिले के चार केंद्रों पर रात 10 बजे तक टीकाकरण की सुविधा होगी।
- डॉ. एके श्रीवास्तव, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
तीन श्रेणी में बटेंगे तीन गांव
टीकाकरण 2.0 अभियान के तहत गांवों को तीन श्रोणियों में बांटा जाएगा। पहली श्रेणी में 95 फीसदी प्रथम डोज टीकाकरण से संतृप्त गांव, दूसरी श्रेणी में 80 से 95 फीसदी टीकाकरण से संतृप्त और तीसरी श्रेणी में 80 फीसदी टीकाकरण से संतृप्त गांवों को रखा जाएगा।