रफ़रोजाबाद ! सिरसागंज स्थित हाईवे पर रोडबेज बस में टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त हुई बस और एकत्रित भीड
- फोटो : FIROZABAD
सिरसागंज (फिरोजाबाद)। नेशनल हाईवे स्थित शनि देव मंदिर के समीप हाईवे पर खड़े ट्रक से रोडवेज बस टकरा गई। हादसे में एक महिला की मौत और सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि आधी बस क्षतिग्रस्त हो गई। चीखपुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। सूचना पर सिरसागंज थानाध्यक्ष भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया।
इटावा डिपो की बस कानपुर से सवारियां लेकर आगरा जा रही थी। दोपहर करीब 12 बजे सिरसागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत अरांव चौराहा स्थित शनिदेव मंदिर के समीप चालक ने बस से संतुलन खो दिया और बस हाईवे किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि आधी बस क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा होते ही यात्रियों में चीखपुकार मच गई। चीखपुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। जानकारी पर सिरसागंज थानाध्यक्ष आजाद पाल सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लोगों की मदद से बस के अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला।
इस दौरान राम जानकी (50) पत्नी रमेश निवासी कर कुंज आगरा की मौत हो चुकी थी। वहीं आर्यन पुत्र विकास, राधिका पुत्री विवेक गुप्ता निवासी कला कुंज आगरा, प्रद्युम्न पुत्र संजीव निवासी शास्त्री नगर आगरा और रोशनी पत्नी सनी निवासी कोयले वाली गली अलीगढ़ समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। थानाध्यक्ष सिरसागंज आजाद पाल सिंह ने बताया कि हादसे में महिला की मौत हुई है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।