दो दिवसीय निर्यात सम्मेलन आज से आगरा में
फिरोजाबाद। आगरा में सोमवार से आयोजित दो दिवसीय एक्सपोर्ट सिंपोजियम में शहर के कांच निर्यात एवं हस्तशिल्पी भी प्रतिभाग करेंगे। सिंपोजियम में देश के प्रमुख औद्योगिक संस्थानों एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्रालय के अधिकारी कारोबारियों को विदेशी व्यापार से जुड़े मुद्दों की जानकारी और सुझाव देंगे।
मंडल स्तरीय निर्यात सम्मेलन (एक्सपोर्ट सिंपोजियम) का शुभारंभ सोमवार को आगरा स्थित होटल हिल्टन में होगा। विदेशी व्यापार करने वाले देश के प्रमुख औद्योगिक संगठन व निर्यातक दो दिवसीय निर्यात सम्मेलन का हिस्सा होंगे। सम्मेलन का मूल उद्देश्य भारतीय निर्यात के सुव्यवस्थित विकास एवं विदेशी व्यापार से जुड़ीं महत्वपूर्ण जानकारी एवं संशोधित नियमावली की जानकारी साझा करना है। उपायुक्त उद्योग दुष्यंत कुमार की ओर से शहर के विभिन्न औद्योगिक संगठनों को जारी पत्र में आगरा में आयोजित निर्यात सम्मेलन में प्रतिभाग की गुजारिश की गई है। इस आशय के पत्र कांच व चूड़ी उद्योग से जुड़े संगठन के पदाधिकारियों को जारी किए गए। संवाद