मामा-मामी स्टेशन पर छूटे, चलती ट्रेन से कूदीं दो बहनें
एक की हालत गंभीर, शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के समीप की है घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद(शिकोहाबाद)। मामा-मामी के स्टेशन पर छूटने से परेशान दो बहनों ने मंगलवार सुबह चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। घटना शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के समीप की है। गंभीर हालत में एक को उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया है। दोनों बहनें मध्य प्रदेश के जिला भिंड के गांव विधनपुरा की रहने वाली हैं। वे होली पर मामा के घर आईं थीं। सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ के अफसर भी मौके पर पहुंच गए।
सलोनी (17) और मोनिका (14) पुत्री हाकिम सिंह के मामा त्रिमोहन थाना शिकोहाबाद के गांव ऊबटी में परिवार के साथ रहते हैं। दोनों बहनें होली से पूर्व मामा के घर आईं थीं। त्रिमोहन अपनी पत्नी के साथ दोनों को उनके घर छोड़ने निकले। त्रिमोहन के भाई रंजीत ने बताया कि त्रिमोहन टूंडला-कानपुर पैंसेजर से यात्रा के लिए टिकट खड़ी से टिकट ले रहे थे। टिकट लेकर जैसे ही वे पहुंचे ट्रेन चल दी। इसी बीच त्रिमोहन ने सलोनी और मोनिका को चढ़ा दिया। गति तेज हो जाने से त्रिमोहन और उसकी पत्नी प्लेटफार्म पर ही रह गए। इससे परेशान सलोनी और मोनिका ने चलती ट्रेन से माधवगंज रेलवे क्रासिंग के पास छलांग लगा दी। इससे दोनों घायल हो र्गइं। ट्रैक पर कार्य कर रहे रेलवे के मजदूरों की सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम पहुंची। दोनों बहनों को उपचार को अस्पताल लाया गया। यहां मोनिका की हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया। सलोनी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। जीआरपी चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह का कहना है कि चलती ट्रेन से किशोरियों ने छलांग लगा दी थी। मोनिका को आगरा रेफर किया गया है। सूचना आलाधिकारियों देकर मामले की जांच की जा रही है।