नारखी। थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर में आतिशबाजी चलाने का विरोध करने पर आरोपी पक्ष ने पीड़ित पक्ष पर लाठी-डंडे से हमला करते हुए पथराव कर दिया। हमले में एक पक्ष से पांच लोग घायल हो हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर भाग गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया।
नारखी थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी दिनेश चंद्र पुत्र रामेश्वर के घर के समीप गांव के कुछ लोग आतिशबाजी चला रहे थे। इसका दिनेश चंद्र ने विरोध किया। इस पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों से दिनेश पक्ष पर हमला बोल दिया। ग्रामीणों ने बीचबचाव कराने की कोशिश की। इस पर विरोधियों ने पथराव कर दिया। मारपीट और पथराव में दिनेश पक्ष से संदीप, प्रदीप, राजीव पुत्रगण दिनेश, मिथलेश पत्नी दिनेश और नेमा कुमारी पुत्री दिनेश घायल हो गई।
मामला बढ़ता देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पथराव और मारपीट की सूचना पर नारखी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपी भाग खड़े हुए। पुलिस ने घटना की जानकारी कर ही घायलों को जिला अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष नारखी प्रदीप कुमार का कहना है कि आतिशबाजी चलाने को लेकर झगड़ा हुआ था। एक पक्ष से पांच लोग घायल हुए है। उनका मेडिकल कराया गया है। पीड़ित ने तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
---