किसानों की शिकायत पर जिला कृषि अधिकारी पहुंचे साधन सहकारी समिति कारी खेड़ा ब्लॉक अरांव
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद/कठफोरी। प्रशासन की लाख कवायद के बावजूद जिले में डीएपी वितरण में नियमों की अनदेखी की जा रही है। अब साधन सहकारी समिति कारीखेड़ा (उखरेंड) पर कुछ खास लोगों को नियम विरुद्ध तरीके से खाद वितरण का मामला सामने आया है। शिकायत पर कृषि विभाग के अफसर मौके पर पहुंचे और अनियमितता मिलने पर समिति सचिव के विरुद्ध निलंबन की संस्तुति की।
जिले के अफसरों को रविवार को साधन सहकारी समिति कारीखेड़ा अरांव में उर्वरक वितरण के दौरान अनियमितता बरतने की शिकायत मिली। शिकायत के आधार पर जिला कृषि अधिकारी रविवांत सिंह मय पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गए। जांच में समिति पर उर्वरक वितरण पत्रावली में अनियमितता की पुष्टि हुई।
कृषि विभाग की मानें तो समिति सचिव और एक अन्य कर्मचारी ने अपने किसी चहेते व्यक्ति को निर्धारित मात्रा से ज्यादा डीएपी का उठान कराया था। प्रथम दृष्टया शिकायत की पुष्टि होने पर समिति पर तैनात सचिव के विरुद्ध निलंबन की संस्तुति की गई है। इस आशय का पत्र जिला कृषि अधिकारी रविकांत सिंह की ओर से सहायक निदेशक सहकारिता को भेजा गया है।