फिरोजाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतदान वाले दिन तीन बूथों पर खामियों के चलते चुनाव आयोग ने पुनर्मतदान कराने का फैसला लिया था। इसके तहत हाथवंत ब्लॉक के बरौली, कौरारी सरहद पंचायत के नगला सुखी एवं मदनपुर ब्लॉक के प्राथमिक स्कूल मौलापुर में मतदान एक मई को होगा। जिला प्रशासन के द्वारा मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां शुक्रवार को जिला मुख्यालय से रवाना की गई। ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह ने हाथवंत ब्लॉक की ग्राम पंचायत बरौली में प्रधान पद के प्रत्याशी में विवाद होने के बाद बूथ संख्या 145 की मतपेटिका को तालाब में फेंक दिया था। जबकि इसी ब्लाक की कौरारी सरहद पंचायत के बूथ संख्या 64 प्राथमिक पाठशाला नगला सुखी एवं मदनपुर ब्लाक की सिरसा खास ग्राम पंचायत के प्राथमिक पाठशाला मौलापुर के बूथ संख्या 64 में खामी के चलते पुर्नमतदान कराने की सिफारिश की थी। इसी सिफारिश के चलते आयोग ने पुनर्मतदान कराए जाने की हरी झंडी प्रदान कर दी थी। एक मई को पुर्नमतदान होने के कारण पोलिंग पार्टियां शुक्रवार को जिला मुख्यालय से इन बूथों के लिए रवाना की गई। सुरक्षा के लिहाज से गांव में भारी मात्रा में पुलिस फोर्स की तैनाती किए जाने के साथ एसडीएम जसराना कुमारचंद्र बाबू एवं सीओ कमलेश कुमार को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया है। वहीं मदनपुर ब्लाक में एसडीएम सिरसागंज नवनीत गोयल एवं सीओ सिरसागंज रहेंगे। पुर्नमतदान को शांतिपूर्ण ढंग से करने का आह्वान डीएम ने मतदाताओं से किया है।