फिरोजाबाद। बुधवार को झमाझम बारिश होने के साथ शहर के निचले इलाकों में फिर से जलभराव हो गया। बारिश के कारण नगर निगम की मुसीबत एक बार फिर से बढ़ेगी। क्योंकि खाली प्लाटों से निकाला गया पानी बारिश होने के साथ एक बार फिर से भर गया है। बारिश के कारण किसान सरसों के साथ तोरिया की फसल की बुवाई का काम प्रभावित होगा। इसके साथ किसानों ने आलू की फसल की बुवाई प्रभावित होगी।
बुधवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। आसमान में घिरी काली घटाएं झमाझम बरस पड़ी। तेज बारिश होने के साथ शहर के रामलीला चौराहा, तिलक नगर, जलेसर रोड, सर्विस रोड के दोनों ओर बारिश का पानी भर गया। बारिश से नई आबादी वाले क्षेत्र बघेल कालोनी, महादेव नगर, ठारपूठा, ऐलान नगर, सुदामा नगर, कन्हैया नगर के साथ कई इलाकों के खाली प्लाटों में बारिश का पानी भरा दिखाई दिया। आगरा नगर निगम की तीन गाड़ियां भारत टाकीज के समीप पानी की निकासी को पिछले कई दिनों से लगाई है।
लेकिन पानी की निकासी होने से ज्यादा पानी भर जाता है। बारिश के कारण किसानों द्वारा सरसों एवं तोरिया की फसल की बुवाई प्रभावित हो रही है। वहीं अगैती आलू की फसल की बुवाई करने वाले किसानों का काम भी बारिश के कारण प्रभावित हो रहा है। जिला कृषि अधिकारी रविकांत सिंह ने कहा कि बारिश के कारण सरसों, तोरिया के साथ अगैती आलू की फसल की बुवाई प्रभावित होगी। तेज हवा के साथ बारिश होने से बाजरा की फसल गिरने की संभावना है।