जसराना (फिरोजाबाद)। शनिवार की शाम थाना जसराना क्षेत्र के नगला शादी मोड पर बाइक में आग लगाने वाले युवक को पुलिस ने तमंचा सहित गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पीड़ित ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
थाना घिरोर जनपद मैनपुरी निवासी चोब सिंह शनिवार की शाम बाइक से अपनी पुत्री की ससुराल नगला शादी जा रहे थे। नगला शादी मोड पर बाइक खड़ी कर सेब खरीदने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक चोरी हो गई। ग्रामीणों के साथ पीड़ित ने चोर का पीछा किया तो आरोपी युवक ने जरैला रोड पर मौजूद एक बाउंड्री में बाइक में आग लगा दी।
देखते ही देखते पूरी बाइक जल गई। लोगों ने आरोपी युवक को दौड़कर पकड़ लिया। कोतवाली से पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपी युवक को थाना लेकर आई। तलाशी में युवक के पास से एक तमंचा एवं दो कारतूस मिले। पीड़ित चोब सिंह ने आरोपी सोनू उर्फ सोमेंद्र निवासी नगला शादी थाना जसराना के खिलाफ बाइक चोरी करने एवं उसमें आग लगाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोतवाल फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने कहा आरोपी को जेल भेजा गया है।