सुहागनगरी पहुंचे सांसद अक्षय यादव ने जिले को कई योजनाओं की सौगात सौंपी। जिला मुख्यालय पर बने सीसीटीएनएस के नवीन कार्यालय का शुभारंभ किया तो कई नए कैमरों का श्रीगणेश किया। जिला मुख्यालय पर निवास करने वाले सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को खरीददारी के लिए पुलिस लाइन में मार्केट की स्थापना की भी बात कही। सांसद अक्षय यादव ने दस लाख रुपये की स्वीकृति करते हुए डीएम को अवगत कराया।
मंगलवार को सपा सांसद अक्षय यादव शहर में पहुंचे। सपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। एमएलसी डा. दिलीप यादव के अलावा अन्य कार्यकर्ताओं ने भी माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद वह पुलिस लाइन पहुंचे। सांसद अक्षय यादव ने सीसीटीनएस कार्यालय का पूजन किया और फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कार्यालय का निरीक्षण करने के साथ ही शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सात सीसीटीवी कैमरों को शुरू किया। कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरे की स्क्रीन पर जिले के प्रमुख चौराहों की स्थिति को जाना। जिले में 24 नए कैमरे लगाने के साथ 13 पुराने कैमरों को अपडेट किया गया। इनसे रात में भी नजर रखी जा सकेगी। जिला मुख्यालय परिसर में मार्केट की स्वीकृति देते हुए सांसद अक्षय यादव ने कहा कि मुख्यालय परिसर में मार्केट की स्थापना होने से कर्मचारियों के साथ अधिकारियों के परिजनों को खरीददारी करने के लिए शहर नहीं जाना होगा। इस दौरान एसपी सिटी संजीव बाजपेयी, सपा जिलाध्यक्ष एमएलसी डा. दिलीप यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चंद्र चंचल, सिरसागंज विधायक हरीओम यादव, ओमप्रकाश वर्मा, पूर्व चेयरमैन राकेश दिवाकर, बलवीर सिंह, योेगेश गर्ग, शाकिर मंसूरी आदि मौजूद रहे।
दुग्ध प्रोसेसिंग प्लांट का भूमि पूजन
शिकोहाबाद। मैनपुरी रोड स्थित फीरोजाबाद दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि. शिकोहाबाद के परिसर में एक लाख लीटर प्रतिदिन की क्षमता की दुग्ध प्रोसेसिंग प्लांट का भूमि पूजन सांसद अक्षय यादव ने किया। सांसद ने कहा कि दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की दिशा में यह योजना 90 करोड़ की है। इसमें मैनपुरी, मथुरा, आगरा, फीरोजाबाद को शिकोहाबाद पराग डेयरी में मर्ज किया गया है। नए प्लांट में कोल्डड्रिंक की तरह अब दूध को भी 6 माह तक सुरक्षित रखा जा सकेगा। जिलाधिकारी निधि केसरवानी, संघ के चेयरमैन रामसेवक यादव, प्रधान प्रबंधक केएस त्यागी, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप यादव, विधायक हरिओम यादव, ओमप्रकाश वर्मा, प्रवेंद्र यादव लला, डा. सुकेश यादव, पूर्व विधायक झाऊलाल यादव, सरला यादव, सरोज शर्मा, साधना यादव, सुमन वर्मा मौजूद रहे।