फिरोजाबाद। मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टी की समस्याओं के निदान के लिए प्रशासन ने उत्तरदायी अधिकारी तैनात किए हैं। एक मतदान केंद्र पर चार उत्तरदायी अधिकारी रहेंगे। इनकी जिम्मेदारी होगी कि रैंप, बिजली, पानी आदि से जुड़ी समस्याओं का निदान कराएं। उत्तरदायी अधिकारी के रूप में चार लोगों की टीम में राशन कोटेदार, रोजगार सेवक, लेखपाल और रसोइया तैनात किए हैं।
छह हजार से अधिक उत्तरदायी अधिकारी तैनात किए हैं। मतदान केंद्र पर तैनात किए जाने वाले उत्तरदायी अधिकारियों के मोबाइल नंबर और नामों की स्लिप पोलिंग पार्टी के बस्ते में रहेगी। रविवार को इनके मोबाइल नंबर जांचने का काम जिला पंचायत राजअधिकारी के कार्यालय में बने कंट्रोल रूम पर किया गया। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सूर्यपाल गंगवार की पहल पर यह नई व्यवस्था बनाई गई है।
रविवार को डीपीआरओ ने कंट्रोल रूम पर उत्तरदायी अधिकारियों के रुप में तैनात कर्मचारियों के मोबाइल नंबर चैक कराए। जांच के दौरान 6229 लोगों को कॉल किए जाने के दौरान 423 लोगों के मोबाइल नंबर ठीक नहीं निकले। इनके सही नंबर एकत्र करके सूची को ठीक किया जा रहा है। डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा का कहना है कि जो नंबर गलत मिले हैं उनको सही किया जा रहा है।