फिरोजाबाद। बूंदाबांदी और सर्द हवाओं के कारण बृहस्पतिवार को तापमान लुढ़क गया। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रह गया। ऐसे में गरी और बेसहारा लोग को ठंड से ठिठुरते नजर आए। निगम के आश्रय स्थल अब तक तैयार नहीं होने के कारण कोटला चुंगी, क्लब चौराहा, जाटवपुरी एवं श्रमिक बहुल नगला भाऊ पर खडे़ होने वाले श्रमिक व बेसहारा लोग बृहस्पतिवार शाम बंद दुकानों और हाईवे पुल के नीचे ठिठुरन में सोते नजर आए।
दिसंबर माह की शुरुआत में ही सर्द हवाओं और ठिठुरन के साथ ठंड ने दस्तक दे दी है। बुधवार को आसमान में बादल छाए रहे तो बृहस्पतिवार को बूंदाबांदी के बीच सर्द हवाएं चलीं। बूंदाबांदी और सर्द हवाओं के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ। ठंड के कारण बस स्टैंड, हाईवे पुल और रेलवे स्टेशन के इर्द-गिर्द सड़कों व खुले में रहने वाले बेसहारा लोगों को खासी परेशानी हुई।
इसका प्रमुख कारण नगर निगम द्वारा तैयार किए जाने वाले आश्रय स्थलों का निर्माण पूरा नहीं होना है। निगम अब तक क्लब चौराहे, कोटला चुंगी, रामलीला चौराहे, जाटवपुरी व आसफाबाद आदि करीब आठ जगहों पर अस्थायी रैन बसैरे नहीं बनवा सका है। हालांकि जिला अस्पताल परिसर एवं बस स्टैंड पर रैन बसेरा तैयार है लेकिन वहां पर भी ठंड से बचाव के जरूरी संसाधन अभी भी अधूरे है।
धुंध से वायु की गुणवत्ता प्रभावित
जिले में बृहस्पतिवार को आसमान में छाई धुंध के कारण वायु गुणवत्ता भी प्रभावित हुई। हवा में घुलनशील हानिकारक तत्वों की मात्रा में इजाफा होने के कारण वायु गुणवत्ता का सूचकांक 363 एक्यूआई तक पहुंच गया। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार बृहस्पतिवार को सुहागनगरी की हवा में पीएम-10 और पीएम-2.5 की मात्रा में भी इजाफा हुआ।
-----
इन जगहों पर अस्थायी रैन बसेरा की दरकार-
निगम प्रशासन द्वारा प्रतिवर्ष स्थापित किए जाने वाले अस्थायी रैन बसेरों के अलावा चूड़ी गड्ढा बाजार, जाटवपुरी, नगला बरी चौराहा, आसफाबाद एवं श्रमिक बहुल नगला भाऊ में अस्थायी रैन बसेरों एवं गैस हीटर जलाने जाने की आवश्यकता है।
----
दिनों दिन नीचे खिसक रहा तापमान-
-दो दिसंबर को न्यूनतम तापमान--14 डिग्री सेल्सियस
-एक दिसंबर को न्यूनतम तापमान-16 डिग्री सेल्सियस
-30नवंबर को न्यूनतम तापमान---16.डिग्री सेल्यियस
-29 नवंबर को न्यूनतम तापमान-- 17 डिग्री सेल्सियस
जिला अस्पताल व रेलवे स्टेशन पर आश्रय स्थल तैयार हैं। शेष तीन जगहों पर आश्रय स्थल निर्माण से जुडे़ काम पूरे कराए जा रहे हैं। सभी आश्रय स्थल एक-दो दिन में पूर्ण करा दिए जाएंगे।
अरविंद कुमार राय अपर नगर आयुक्त