फिरोजाबाद ! रेलवे स्टेशन आरक्षण खिड़की पर बिना सामाजिक दूरी और बिना मास्क लगाए टिकट बुकिंग कराते
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। दक्षिण अफ्रीका सहित अन्य देशों में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मद्देनजर प्रदेश के साथ ही सुहागनगरी में भी अलर्ट घोषित है। विदेशों और अन्य प्रांतों से आने वाले लोगों की जांच अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद सुहागनगरी के लोग बेपरवाह बने हुए हैं। न तो सामाजिक दूरी का पालन किया जा रहा है और न ही बाजार व अन्य सार्वजनिक स्थल पर मास्क पहने नजर आ रहा है।
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के बाद से ही सतर्कता बरती जा रही है। शासन ने बाहर से आने वाले यात्रियों की कोरोना जांच करने के निर्देश जारी किए है। स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट है लेकिन स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। बृहस्पतिवार दोपहर रेलवे स्टेशन पर कोई भी स्वास्थ्यकर्मी यात्रियों के जांच के लिए नहीं था। कोविड हेल्पडेस्क भी निष्क्रिय पड़ी है।
हॉटस्पॉट कहे जाने वाले मेडिकल कॉलेज में भी लोग मास्क और सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। यहां मरीजों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं। सदर बाजार में भी लोग बेपरवाह होकर खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। लोग बाजारों में कोविड नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।
बिना पीपीई किट पहने लिए जा रहे सैंपल
कोरोना को लेकर शासन चिंता जता रहा है लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें लापरवाही कर रही हैं। बस स्टैंड पर कोरोना जांच के लिए सैंपल लेने वाली टीमें बिना पीपीई किट पहने सैंपल लेते नजर आईं। इसी तरह कोटला चुंगी पर भी स्वास्थ्य कर्मचारी बिना पीपीई किट पहले जांच के लिए सैंपल ले रहा था।
निगरानी समितियों को फिर से सक्रिय कर दिया गया है। 30 टीमें सैंपल लेने के लिए लगाई गई हैं। इनमें 12 टीमें शहर और 18 टीमें देहात क्षेत्रों में तैनात हैं। लोगों से भी अपील है कि कोरोना संक्रमण को हल्के में न लें। लोग कोविड नियमों का पालन करें। बिना पीपीई किट के सैंपल लेने वाली टीमों को भी नोटिस जारी किया जाएगा।
डॉ. दिनेश प्रेमी, सीएमओ