रिमांड पर लिए आरोपियों से छह कारतूस बरामद
पीआरबी के जवान से हाथापाई कर की थी लूट
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। लाइनपार थाना क्षेत्र के गांव कूपा में पीआरबी जवानों के साथ हाथापाई कर सरकारी पिस्टल, मोबाइल फोन लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने रिमांड पर लिया है। इनकी निशानदेयी पर छह कारतूस और 12 सौ रुपये बरामद किए हैं। पुलिस पिस्टल पहले ही बरामद कर चुकी है।
लाइनपार क्षेत्र के गांव कूपा निवासी रमेश दूधिया और कुंवरपाल ने अपने साथियों के साथ 20 मार्च को पीआरबी के जवानों के साथ हाथापाई कर नकदी, सरकारी मोबाइल फोन और पिस्टल के साथ कारतूस लूट लिए थे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए थे। गिरफ्तारी को पुलिस लगातार प्रयास करती रही। आरोपियों ने 27 मई को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। आरोपियों को पुलिस ने रिमांड पर लेकर छह कारतूस, 12 सौ रुपये और डेबिट कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए। थानाध्यक्ष लाइनपार आजादपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों ने रुपये, कारतूस और अन्य सामान जंगल में छुपा रखे थे। रिमांड का समय खत्म होने के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया। आरोपियों ने पीआरबी जवानों के साथ घटना को अंजाम उस वक्त दिया था, जब पुलिस महिला की पिटाई की सूचना पर गांव कूपा पहुंची थी।