फिरोजाबाद। सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम श्रेणी की इकाई स्थापना के लिए उद्यमियों को अब अलग-अलग विभागों की एनओसी लेने के लिए भागदौड़ नहीं करनी होगी। शासन ने इकाई स्थापना से जुड़ी औपचारिकताओं की पूर्ति के लिए एक प्लेटफॉर्म तैयार किया है। यह प्लेटफार्म जिला उद्योग विभाग पर स्थापित होगा।
सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम श्रेणी की इकाई स्थापना के लिए राजस्व, अग्निशमन, वन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अलावा उद्योग और बिजली विभाग आदि की अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य है। उद्योग निदेशालय की संस्तुति पर प्रदेश सरकार ने उद्योग स्थापना कार्रवाई को सरल बनाने के लिए कदम उठाया है।
उद्योग प्रोत्साहन विभाग में प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है। इस प्लेटफॉर्म से कई विभागों को जोड़ा गया है। अब उद्योग स्थापना के इच्छुक उद्योगपतियों अथवा जनसामान्य को अपना आवेदन जरूरी प्रपत्रों के साथ उद्योग विभाग में जमा कराना होगा।
72 घंटे की भीतर जारी होगी अनुमति
उद्योग स्थापना संबंधी कार्रवाई को सरलीकरण करने के इरादे से गठित आठ विभागों की समिति की कमान डीएम के हाथ में होगी। उपायुक्त उद्योग समिति के पदेन सदस्य सचिव होंगे। वहीं उक्त समिति को उद्योग स्थापना संबंधी आवेदन पत्र का निराकरण 72 घंटे की अवधि में पूर्ण कर आवेदक को सूचित करना होगा।
अमरेश पांडे उपायुक्त उद्योग