फोटो 27 संशोधितः जिले के स्थापना दिवस कार्यक्रम में संबोधन देतीं मुख्यातिथि मेयर कामिनी राठौर।
- फोटो : संवाद
फिरोजाबाद। जनपद स्थापना और विकास समिति द्वारा जिले की 37वीं वर्षगांठ पर बृहस्पतिवार को एसआरके कॉलेज ऑफ कंप्यूटर साइंस में भव्य संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह किया गया। कार्यक्रम में शहर की विभूतियों को सम्मानित करने के साथ-साथ जिले के भविष्य के विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, पृथक जिला अस्पताल और ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना की मांग जोर-शोर से उठाई गई।
समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देने वाले पूर्व कुलपति डॉ. जीके अग्रवाल और वरिष्ठ अधिवक्ता अनूपचंद्र जैन को फिरोजाबाद रत्न की मानद उपाधि से नवाजा गया। डॉ. अग्रवाल ने इस सम्मान को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया।
मुख्य अतिथि महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि नगर निगम शहर के विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और प्राप्त सुझावों पर अमल किया जाएगा। नगर विधायक मनीष असीजा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि वह नगर के सर्वांगीण विकास के लिए हमेशा समर्पित हैं।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष झब्बूलाल अग्रवाल ने जिले के गठन से जुड़े संस्मरण सुनाए और नई पीढ़ी को समाजसेवा से जुड़ने का आह्वान किया। आईएमए के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ.एसपीएस चौहान ने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं अपर्याप्त हैं, इसलिए एक सर्वसुविधायुक्त जिला अस्पताल बेहद जरूरी है। उद्यमी प्रदीप गुप्ता ने खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम की मांग रखी। डॉ. रामसनेहीलाल शर्मा ‘यायावर’ ने दादा बनारसीदास चतुर्वेदी की स्मृति में हिंदी भवन के निर्माण का सुझाव दिया, वहीं डॉ. एबी चौबे ने तकनीकी शिक्षा के विस्तार पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता द्विजेंद्र मोहन शर्मा ने की और संचालन डॉ. उमाशंकर गुप्ता ने किया। इस दौरान डॉ. संध्या द्विवेदी, उमाकांत पचौरी, केशव लहरी और नीलमणि चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।