फोटो01मृतक पीयूष का फाइल फोटो। परिजन स्रोत
- फोटो : Archive
फरिहा। थाना क्षेत्र के गांव इटौरा में बुधवार को खेलते समय तालाब में गिरने से एक मासूम की मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया।
गांव इटौरा थाना फरिहा निवासी करन सिंह का ढाई वर्षीय बेटा पीयूष बुधवार शाम को घर के सामने माता मंदिर के स्थित तालाब के पास बच्चों के साथ खेल रहा था। इस दौरान अचानक पैर फिसलने से वह तालाब में गिर गया। बुग्गी में बैठकर जाते राहगीरों ने उसे डूबता देखा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन दौड़ते हुए तालाब पर पहुंचे। हादसा होते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची। जहां ग्रामीणों के सहयोग से आनन- फानन में उसे बाहर निकाला गया। उसे उपचार के लिए ट्रामा सेंटर लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया। परिजनों में चीख- पुकार मच गई। पिता मजदूर है और परिवार का पालन पोषण करते है। वह दो भाई और एक बहन में तीसरे नंबर का था।
परिवार के बाबा रामस्वरूप ने बताया कि मृतक पीयूष के पिता करन सिंह पांच भाई थे। मृतक पीयूष के चौथे नंबर का चाचा हंस कुमार की भी करीब सात वर्ष पूर्व इसी तालाब में डूबने से मौत हो चुकी है। वहीं, इसके अलावा कई लोग तालाब में हादसे का शिकार हुए है। प्रशासन से उन्होंने तालाब बंद कराने की आवाज उठाई है।