नगर की आवास विकास कालोनी में सोमवार की रात 11 केवीए का ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इससे आधे शहर की बत्ती गुल हो गई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आवास विकास कालोनी में लगे 11 केवीए का ट्रांसफार्मर कालोनी के साथ ही आसपास के क्षेत्र में बिजली आपूर्ति करता है। सोमवार रात साढ़े दस बजे के करीब ट्रांसफार्मर में आग लग गई। लोगों ने इसकी सूचना बिजली विभाग को देने के साथ ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी दी। इस पर मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंच गई। टीम के कर्मचारियों ने किसी तरह आग बुझाई। ट्रांसफार्मर सही न होने से मंगलवार को पूरे दिन भी बिजली नहीं रही। गर्मी से बच्चे ब्याकुल रहे। महिलाएं बच्चों पर पंखे झलती रहीं। क्षेत्रीय जनता एकत्रित होकर एक्सईएन कार्यालय पहुंची और ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलवाने के लिए मांग की। इसके बाद अधिशासी अभियंता सूर्य प्रताप शाही ने सायं तक ट्रांसफार्मर रखने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। वहीं, फिरोजाबाद में सोमवार की रात में मौढ़ा के पास 33 केवी का तार टूट गया। इससे लाइनपार क्षेत्र के लेबर कालोनी, रामनगर बिजलीघर से जुड़े दर्जनों मोहल्लों की बत्ती गुल रही। रात में हाईवे से गुजर रहे किसी वाहन ने पोल में टक्कर मार दी, जिससे तार टूट गया। विद्युत टीम ने रात में काफी मशक्कत के बाद 12.30 बजे तक तार जोड़ा जा सका। इसके उपरांत रात एक बजे तक आपूर्ति सुचारू हो सकी।