ट्रेन में धमाके की आवाज से फैली दहशत।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला रेलवे स्टेशन पर खड़ी नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के एक आरक्षित कोच में धमाके की आवाज सुनकर रेलयात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। दहशत में आए रेलयात्री ट्रेन से नीचे उतरकर भागने लगे। जानकारी मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी व रेल अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पता चला कि धमाका फायर एक्सटिंग्विशर के निचले हिस्से के अचानक निकलने से हुआ है।
घटना सुबह 10:30 बजे करीब की है। आनंद विहार टर्मिनल से चलकर कामाख्या की ओर जाने वाली नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस में शनिवार सुबह टूंडला स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर छह पर पहुंची तभी आरक्षित कोच संख्या एस-3 के शौचालय के पास धमाका हुआ और कोच में सफेद चूने जैसा बिखर गया। धमाका होते ही ट्रेन में सवार रेलयात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रेलयात्री ट्रेन से उतरकर भागने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ कंपनी कमांडर अवधेश गोस्वामी फोर्स के साथ पहुंच गए। मौके पर उन्होंने देखा कि कोच में डस्टबिन के पास लगा फायर एक्सटिंग्विशर नीचे पड़ा था, जिसका निचला हिस्सा (पेंदा) सिलेंडर से निकल गया था। इससे उसमें भरा आग बुझाने का केमिकल कोच में सफेद चूने की तरह बिखर गया था। कंपनी कमांडर ने बताया कि सिलेंडर का निचला हिस्सा निकल गया था, जिससे तेज आवाज हुई और उसमें आग बुझाने वाली सामग्री बिखर गईं थी। सिलेंडर पर कोई अवधि आदि कुछ अंकित नहीं था। कोच की सफाई कराते हुए यात्रियों को ट्रेन में बैठाकर रवाना कर दिया गया।