मक्खनपुर। थाना क्षेत्र के नगला तुरकिया गांव में डीजे बंद कराने के विवाद के दौरान धक्का-मुक्की में मां की गोद से गिरकर ढाई माह की मासूम बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मृतका मासूम के पिता की तहरीर पर आरोपी पड़ोसी के खिलाफ यह कार्रवाई हुई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
थाना मक्खनपुर क्षेत्र के गांव नगला तुरकिया निवासी राहुल के घर बृहस्पतिवार को पर माता रानी का धार्मिक आयोजन चल रहा था। इस दौरान घर में डीजे पर भजन बज रहे थे। पड़ोसी बंटू के तीन साल के बच्चे के कान का ऑपरेशन हुआ था, जिसके चलते वह डीजे की तेज आवाज को कम कराने के लिए राहुल की पत्नी मधु के पास पहुंचा था।
आरोप है कि इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और धक्का-मुक्की के बीच मधु की गोद में मौजूद ढाई माह की बेटी शानवी नीचे गिर गई। इस हादसे के बाद बच्ची की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई और उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया था। सीओ शिकोहाबाद जयबिंद कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस मामले के सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। मृतका के पिता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है।