उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर हमला बोल दिया। शिकायत करने पर पुलिस ने उल्टा पीड़ित के खिलाफ ही शांतिभंग की धारा में कार्रवाई कर दी। इस पर पीड़ित ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामला जसराना थाना क्षेत्र के भादऊ गांव का है। गांव निवासी बॉबी ने शुक्रवार को एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि 29 जनवरी की शाम उसकी पत्नी भैंस का दूध निकाल रही थी। इसी समय पास में ही रज्जन खां के घर में लोग डीजे बजा रहे थे। इस कारण दूध निकालने में परेशानी हो रही थी।
बचाने आई मां और पत्नी को भी पीटा
बॉबी बताया कि उसने थोड़ी देर के लिए डीजे बंद करने को कहा तो वह गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर गांव के ही उदयवीर सिंह, रज्जन खां, अलाउद्दीन, यूनिश खां एवं सल्लू खां ने घर में चढ़ाई बोल दी। इन लोगों ने घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। बचाने के लिए मां और पत्नी आई तो उन्हें भी पीटा।
बताया कि शिकायत करने पर पुलिस ने उसके खिलाफ ही शांतिभंग की धारा में कार्रवाई कर दी। साथ ही पुलिस ने दूसरे पक्ष के रज्जन खां की तहरीर पर बॉबी, सुशील, विवेक एवं कुसमा देवी के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया। शिकायत पर एसएसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस मुकदमा दर्ज करके जांच कर रही है।
सीओ के निर्देश पर मामला दर्ज
रज्जन खां ने बताया कि उसके पुत्र की शादी थी। इस पर डीजे बज रहा था। इस पर बॉबी पक्ष के लोगों ने उसकी पत्नी के साथ मारपीट की। थाना प्रभारी सचिन कुमार ने कहा सीओ के निर्देश पर मामला दर्ज हुआ है। मारपीट की घटना में दोनों पक्षों के पांच लोगों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की गई थी।