खेत पर कूड़ा डालने गई किशोरी से छेड़छाड़
- विरोध करने पर मां, भाई और चाची को पीटा
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। खेत पर कूड़ा डालने गई किशोरी के साथ गांव के ही युवक ने छेड़छाड़ कर दी। किशोरी द्वारा शोरगुल किए जाने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने उनको पीट दिया। ग्रामीण एकत्रित हुए तो आरोपी पथराव करते हुए मौके से भाग गया। घायलों का पुलिस ने डाक्टरी परीक्षण कराया है।
लाइनपार थाना क्षेत्र के गांव निवासी किशोरी खेत पर कूड़ा डालने गई थी। इस बीच गांव के ही युवक टिंकू ने किशोरी को पकड़ लिया। उसके साथ अभद्रभाषा का प्रयोग करते हुए छेड़छाड़ कर दी। किशोरी द्वारा शोरगुल किए जाने पर उसकी मां, भाई और चाची पहुंची। तो आरोपी ने उनको पीट दिया। इससे वह घायल हो गई। इस बीच काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। तभी आरोपी पथराव करते हुए मौके से भाग गए। सूचना पर लाइनपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। थानाध्यक्ष लाइनपार अनुरुद्घ प्रताप सिंह का कहना है कि तीनों लोग मारपीट के दौरान घायल हुए हैं। जिनका डाक्टरी परीक्षण कराया गया है। मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हमले के दो आरोपी गिरफ्तार
एका। एका थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के दो आरोपियों को जलेसर रोड झील की पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों के नाम बृजेश कुमार और योगेश कुमार बताए गए है। थानाध्यक्ष एका अंजीश कुमार का कहना है कि पकड़े गए आरोपी एका थाना क्षेत्र के गांव जेडा के रहने वाले है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है। संवाद