फिरोजाबाद। जिले में वायरल बुखार बेकाबू होने लगा है, जिससे मेडिकल कॉलेज के चिल्ड्रेन व पीआईसीयू वार्ड के बेड फुल हो गए हैं। हर दिन 350 से अधिक वायरल बुखार वाले मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं संदिग्ध डेंगू लक्षण वाले मरीज भी पहुंचने लगे हैं। हालांकि एलाइजा जांच में पुष्टि नहीं हो रही है। सोमवार को ओपीडी में मरीजों की संख्या में 1400 के पार रही। इसमें मेडिसन विभाग में 550 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इसमें 350 सिर्फ वायरल बुखार के रहे। कई गंभीर रोगियों को वार्ड में भर्ती किया गया। इन मरीजों में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं, लेकिन रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं चिल्ड्रेन वार्ड उल्टी-दस्त रोग से पीड़ित बच्चों से भर गया है। मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एलके गुप्ता ने बताया कि अभी डेंगू पॉजिटिव कोई बच्चा नहीं आया है। कुछ बच्चों में प्लेटलेट्स घट रहा है, लेकिन चढ़ाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। तीन दिन इलाज के बाद मरीज रिकवर हो जा रहा है।
सीएमएस डॉ. नवीन जैन का कहना है कि बुखार के सबसे ज्यादा मरीज आ रहे हैं। हमारे यहां जांच और उपचार की पूरी व्यवस्था है। कई मरीजों में डेंगू के लक्षण देखने को मिलते हैं, मगर जांच रिपोर्ट में पुष्टि नहीं हो रही हैं। लक्षण के आधार पर चिकित्सक इलाज कर रहे हैं।