फिरोजाबाद। नगर निगम की ओर से सर्किल रेट के हिसाब से दुकानों का किराया बढ़ाने के विरोध में शास्त्री व चंद्रशेखर आजाद मार्केट के दुकानदार सोमवार को नगर आयुक्त से मिले। दुकानदारों ने वर्तमान नियमों के हिसाब से ही किराया बढ़ाने एवं सगे-संबंधी के नाम दुकान हस्तांतरण प्रक्रिया को सुलभ कराने की मांग रखी।भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रामनरेश कटारा के नेतृत्व में शास्त्री मार्केट एवं चंद्रशेखर आजाद मार्केट के दुकानदार सोमवार को नगर आयुक्त घनश्याम मीणा से मिले। दुकानदारों ने सर्किल रेट के हिसाब से दुकानों का किराया बढ़ाने की प्रक्रिया को स्थगित करने की मांग की। दुकानदारों ने मुख्य बाजार में आवंटित दुकानों को सगे संबंधी के नाम में आवंटित किए जाने की प्रक्रिया को भी सरल करने की मांग उठाई।
दुकानदारों ने कहा कि पूर्व की तरह हर पांच साल में दुकानों का किराया 12.5 प्रतिशत बढ़ाने की प्रक्रिया को ही बहाल किया जाए। नगर आयुक्त से मिले प्रतिनिधि मंडल में प्रशांत माहेश्वरी, हरिओम अरोरा, अशोक कुमार, विनोद सिंह और राहुल जैन आदि शामिल रहे।