फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र में बीमारी के कारण एक फैक्टरी की महिला चौकीदार की मौत हो गई। परिजन की मांग पर मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिजन ने जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत करा दिया।
मूलरूप से थाना उत्तर के जैन नगर खेड़ा निवासी स्नेहलता (48) इंडस्ट्रियल एरिया स्थित डी लाइट कारखाने में महिला चौकीदार थीं। उनके पति कारखाने में मजदूरी करते थे। कारखाना भाइयों के विवाद में पिछले 15 साल से बंद पड़ा था। स्नेहलता की बीमारी से बृहस्पतिवार को मौत हो गई। परिजन ने जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन को समझाकर मामला शांत करा दिया।
महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पति योगेश जादौन ने बताया कि कारखाने में पानी बिजली की कोई व्यवस्था नहीं है। यहां से जाने की बात पर कारखाने मालिक चोरी का आरोप लगाने की धमकी दे देते थे। पिछले डेढ़ साल से कोई भी मानदेय नहीं दिया गया। जिससे ठीक ढंग से उपचार भी नहीं हो सका। थाना प्रभारी योगेंद्रपाल सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।