शिकोहाबाद। नॉनस्टॉप ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक वृद्ध अचानक गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेजा है।
बृहस्पतिवार को 60 वर्षीय अज्ञात वृद्ध प्लेटफार्म नंबर दो पर धीमी गति से गुजर रही 12282 नई दिल्ली-भुवनेश्वर दूरंतो एक्सप्रेस में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। तभी अचानक उसका पैर फिसल गया। इससे वह ट्रेन के नीचे रेलट्रैक पर आ गिरा, उसकी मौत हो गई। इस घटना से प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य रेलयात्रियों के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर जीआरपी भी मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त न होने पर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेजा है। जीआरपी प्रभारी हरीश कुमार ने बताया कि मृतक की जेब में कोई कागजात नहीं मिले हैं। ट्रेन का शिकोहाबाद में ठहराव नहीं है। कॉशन होने की वजह से ट्रेन धीमी गति से गुजर रही थी। तभी यह हादसा हुआ।