सिरसागंज। बैक से रुपये निकाल कर जा रहे शीतगृह स्वामी से बाइक सवार बदमाशों ने दिन दहाड़े तमंचे के बल पर दस लाख रुपये लूट लिए। वारदात की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस ने सीमाएं सीलकर बदमाशों की तलाश की लेकिन कोई हाथ नहीं आया। सूचना पर डीआईजी लक्ष्मी सिंह, एसएसपी पीयूष श्रीवास्तव फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम हो गया।
कोल्डस्टोरेज स्वामी सतीश चंद्र परिवार के साथ क्षेत्र की पाश कालोनी अध्यापक नगर में निवास करते हैं। सोमवार दोपहर वह अपनी भतीजे की बहू अमृता के साथ कार से इटावा रोड स्थित बैंक आफ इंडिया से दस लाख रुपये निकालने के लिए गए थे। दोपहर करीब 12 बजे बैंक से रुपये निकाल कर वह घर लौटे थे। वह घर के पास पहुंचे तभी बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंच गए। बदमाशों से अनजान सतीश चंद्र ने जैसे ही कार का गेट खोला तो लुटेरों ने थैला छीनने का प्रयास किया। उन्होंने एक बदमाश को धक्का देकर बैग अपने पड़ोसी रविंद्र के घर में फेंक दिया। तभी दो बदमाशों ने सतीश चंद्र पर तमंचा तान दिया और एक बदमाश रविंद्र के घर में घुस गया और बैग उठा लाया। इसके बाद सभी बदमाश बाइक से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद कोल्डस्टोरेज स्वामी ने शोरगुल किया तो कालोनी में रहने वाले लोग घरों से बाहर आ गए। सूचना पर डीआईजी लक्ष्मी सिंह, एसएसपी पीयूष श्रीवास्तव, सीओ शिकोहाबाद के साथ थानाध्यक्ष सिरसागंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटना की जानकारी करने के साथ ही बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। लेकिन एक भी बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लग सका।
बदमाशों की पहचान कराने का किया प्रयास
बदमाशों को चिह्नित करने के लिए पुलिस ने फाइल में लगे अपराधियों के फोटो भी दिखाए लेकिन पीड़ित द्वारा एक भी बदमाश की शिनाख्त नहीं की जा सकी।
बैंकों की बढ़ेगी सुरक्षा
घटनास्थल का निरीक्षण कर डीआईजी लक्ष्मी सिंह ने एसएसपी को बैंकों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इससे बदमाशों पर नजर रखने के साथ ही लूट की घटनाओं को रोका जा सके।
एसएसपी ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज
घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही एसएसपी पीयूष श्रीवास्तव बैंक आफ इंडिया पहुंचे। बैंक अधिकारियों से वार्ता करने के साथ ही बदमाशों की शिनाख्त के लिए सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले।