बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर दंपति के आभूषण और नकदी लूट ली। विरोध करने पर युवक को पीटकर घायल कर दिया। दंपति का आरोप है कि कुछ दूरी पर पुलिस पिकेट की गाड़ी खड़ी थी लेकिन चीखपुकार के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं आई।
मैनपुरी के थाना घिरोर अंतर्गत मोहल्ला शाक्याना निवासी रामगोपाल शर्मा पुत्र रामवीर शर्मा अपनी पत्नी निधि और डेढ़ साल के बच्चे के साथ रविवार दोपहर डेढ़ बजे कटरा मीरा, शिकोहाबाद स्थित अपनी ससुराल आ रहे थे। मैनपुरी रोड पर मांड़ई के निकट भट्ठे के समीप बाइक सवार दो लुटेरों ने दंपति को तमंचे के बल पर रोक लिया। बदमाशों ने निधि से तीन अंगूठी, मंगलसूत्र, गले की चैन और रामगोपाल से 15 हजार की नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने रामगोपाल को पीटा। दंपति ने आरोप लगाया कि 50 मीटर की दूरी पर पुलिस की हाईवे पेट्रोलिंग गाड़ी और बाइक खड़ी थी लेकिन शोर मचाने के बाद भी पुलिस उनकी मदद के लिए नहीं आए। सीओ अजय कुमार ने पुलिस पिकेट पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।