एक्सिस बैंक के एटीएम से रुपये निकालने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्ष थाने पहुंच गए और एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया है।
बस स्टैंड के सामने एक्सिस बैंक के एटीएम से रुपये निकालने के लिए सुबह से लोगों की लाइन लग गई। लाइन में दक्षिण कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पुरुषोत्तम नगर निवासी विश्वनाथ आजाद पुत्र दिनेश आजाद लगा था। इसके पीछे दीपक पुत्र रमेश चंद्र निवासी कोटला रोड दखल लगा था। विश्वनाथ ने दो एटीएम कार्ड से करीब पांच हजार रुपये निकाल लिए और वह तीसरा एटीएम कार्ड मशीन में डाल रहा था। तभी लाइन में लगे दीपक ने विरोध कर दिया। इस पर दीपक और विश्वनाथ में एटीएम कक्ष के अंदर मारपीट हो गई। तभी दीपक का साथी सोहन निवासी नगला विश्नू और विश्वनाथ का भाई अर्जुन अपने साथी नीरज के साथ एटीएम पर पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर यूपी 100 की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले को शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों ने थाना उत्तर पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घायल विश्वनाथ, नीरज, अर्जुन, दीपक और सोहन का मेडिकल कराया। कोतवाल उत्तर का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच एटीएम से रुपये निकालने के लेकर विवाद हुआ था। किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है।