सहसवान में अकबराबाद चौराहे के पास शुक्रवार रात घटना
चोरों ने शुक्रवार रात नगर में अकबराबाद चौराहे पर एक मोबाइल की दुकान खंगाल ली। यहां से नकदी और सामान समेत करीब एक लाख रुपये का माल समेट कर ले गए। सुबह होने पर दुकान स्वामी को चोरी के बारे में पता लगा। रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कौल्हार निवासी तोताराम की सहसवान में अकबराबाद चौराहे के पास मोबाइल शॉप है। शुक्रवार शाम तोताराम दुकान बंद करके रोज की तरह घर चला गया। रात में मौका पाकर चोरों ने उसकी दुकान के ताले तोड़ दिए। इसके बाद दुकान से नगदी, मोबाइल, इन्वर्टर आदि सामान समेत करीब एक लाख रुपये का माल साफ कर दिया। खबर मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है। देर शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
चोरी से फसल काट रहे युवक को पकड़ा
सहसवान (ब्यूरो)। कोतवाली क्षेत्र के गांव सुजावली में छत्रपाल पुत्र मलखान के खेत में सरसों की फसल को कई दिन से चोरी से काटा जा रहा था। शुक्रवार रात छत्रपाल ने चोरी से फसल काटने वाले को पकड़ लिया। इस पर आरोपी ने छत्रपाल को लाठी मारकर घायल कर दिया। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है।