फिरोजाबाद। एचयूआईडी के विरोध में बुधवार को सुहागनगरी के सर्राफा दुकानदारों ने काली पट्टी बांधने के साथ ही दुकानों पर स्टीकर लगाकर विरोध दर्ज कराया। दुकानदारों ने कहा कि उनको बिना वजह परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का ये विरोध लगातार जारी रहेगा। सराफा कारोबारियों से इसके लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
सर्राफा कमेटी फिरोजाबाद के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार पुरवार ने कहा कि हमारा यह विरोध प्रदर्शन प्रांतीय आह्वान पर चल रहा है। हम हॉलमार्किंग का समर्थन करते हैं लेकिन एचयूआईडी का विरोध है। आखिर सोने,चांदी के एक सामान पर कितने एचयूआईडी नंबर डाले जाएंगे। निर्माण करने वाली कंपनी के साथ ही बिक्री करने वाले और फिर कम ज्यादा होने पर उन नंबरों को बिक्री करने के दौरान अंकित करना यह कहां संभव होगा।
सचिव नवीन बंसल ने कहा कि हमारा विरोध सैद्धांतिक तौर पर कर रहे हैं। सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए। यह विरोध न सिर्फ फिरोजाबाद बल्कि पूरे प्रदेश एवं देश के सराफा व्यापारी कर रहे हैं। विरोध दर्ज कराने वालों में मुख्यरूप से चंद्रभान गुप्ता, रमेशचंद्र जैन, विमलेश जैन, राजेंद्र प्रसाद बंसल, इंद्रभान गुप्ता, गोपाल बंसल, उपाध्यक्ष जितेंद्र जैन, पंकज अग्रवाल पीआर, प्रमोद बंसल, नीरज बौहरे, जीतू जैन, मनोज अग्रवाल, रविकांत जैन, उमेशचंद्र गर्ग शामिल थे।