शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। घर से कबाड़ खरीदने को निकले युवक को नगर पालिका से पूर्व एक बाइक सवार युवक ने रोक लिया और क्राइम ब्रांच ऑफिसर बताकर तलाशी देने के लिए कहा। नकली क्राइम ब्रांच ऑफिसर ने युवक की जेब में रखे 20 हजार रुपये निकाल लिए और उसकी बाइक की चाबी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने उसका पीछा भी किया, लेकिन पकड़ में नहीं आया।
सोमवार को नगर पालिका के समीप काजी टोला निवासी बॉबी पुत्र सुभाष चंद्र अपनी बाइक से कबाड़ खरीदने के लिए घर से निकला था। जब वो स्टेट बैंक से आगे नारायण तिराहे की तरफ बढ़ा तभी एक बाइक सवार व्यक्ति ने रोक लिया। युवक से कहा मैं क्राइम ब्रांच ऑफिसर हूं, तलाशी दो। इस दौरान युवक ने उसकी जेब में रखे 20 हजार रुपये निकाल लिए। इतना ही नहीं उसने युवक के बाइक की चाबी निकाल ली और अपनी बाइक पर बैठ कर फरार हो गया। घटना की जानकारी युवक ने थाने में दी। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।