बैंक कर्मचारी ने डेबिट कार्ड बदलकर खाते से उड़ाए 25 हजार, प्रबंधक सहित दो पर केस
- छह महीने के बाद एसएसपी के आदेश पर थाना पुलिस ने दर्ज किया मुकदमासंवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र की एक पीड़िता ने एसएसपी से बैंक के प्रबंधक और कर्मचारी पर डेबिट कार्ड बदलकर 25 हजार रुपये खाते से निकालने का आरोप लगाया। थाना पुलिस ने ठगी के छह महीने के बाद मुकदमा दर्ज किया है।
थाना उत्तर क्षेत्र के भगवान नगर निवासी साधना ने रानीवाला कंपाउंड स्थित उज्जीवन बैंक में अपना खाता खुलवाया था। साधना का कहना है कि वह कम पढ़ी लिखी है। खाता खुलने के बाद बैंक ने डेबिट कार्ड जारी किया गया। जिसका पासवर्ड भी बैंक के कर्मचारी ने जारी किया था। डेबिट कार्ड का पासवर्ड भी महिला के अलावा उक्त कर्मचारी पंकज को पता था। पीड़िता का आरोप है कि बैंक कर्मचारी पंकज ने बैंक प्रबंधक से मिलीभगत कर उसका डेबिट कार्ड बदल लिया। उसके बाद उसके खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए गए। पैसे निकलने की जानकारी भी महिला को तब हुई जब उसके फोन पर पैसे कटने के मैसेज पहुंचे थे। उसके बाद महिला ने बैंक जाकर शिकायत की तो प्रबंधक ने ऐसी किसी भी जानकारी होने से इन्कार कर दिया। महिला ने ठगी की शिकायत थाना पुलिस से की, लेकिन पुलिस उसे गुमराह करती रही। कई बार तो पुलिस ने लताड़ लगाकर उसे थाने से भगा दिया। फिर वह शांत बैठ गई। फिर जिले के एसएसपी की न्याय प्रणाली देख महिला ने मामले की शिकायत एसएसपी से की। एसएसपी के आदेश पर बृहस्पतिवार को थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी कुलदीप दीक्षित ने बताया कि मुकदमा दर्ज हो गया है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।