रफ़रोजाबाद ! बगिया मोहल्ला में बैठक करते छपाई कामगारों की भीड़
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। चूड़ी छपाई कामगारों की पांच दिन पुरानी कामबंद हड़ताल शनिवार शाम को द्विपक्षीय वार्ता के बाद समाप्त हो गई। देर शाम तक चली वार्ता के बाद चूड़ी गोदाम स्वामी और डेकोरेशन ठेकेदारों ने छपाई श्रमिकों के मेहनताने में एक रुपये पचास पैसे की बढ़ोतरी और प्रति कट्टा दो चूड़ी टूट की फ्री देने पर सहमति जताई।
मेहनताने बढ़ोतरी और अन्य मांगों को लेकर विगत पांच दिन से हड़ताल कर रहे चूड़ी कामगारों और गोदाम स्वामियों के बीच शनिवार शाम द्विपक्षीय वार्ता हुई। वार्ता में चूड़ी गोदाम स्वामी और डेकोरेेशन ठेकेदारों के अलावा द्वितीय पक्ष से चूड़ी छपाई कामगारों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कई घंटे चली वार्ता के बाद चूड़ी गोदाम स्वामी व डेकोरेेशन ठेकेदारों ने प्रति कट्टा चूड़ी छपाई पर वर्तमान दर के सापेक्ष एक रुपये पचास पैसे की बढ़ोतरी की घोषणा की।
वहीं छपाई कामगारों को प्रति चूड़ी कट्टा पर दो चूड़ी टूट फ्री दी जाएगी। उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मंडल तत्वावधान एवं कपिल अग्रवाल की अध्यक्षता में आहूत बैठक में दोनों पक्षों में सहमति बन गई। समझौता वार्ता में चूड़ी छपाई कामगारों की ओर से हाजी अब्दुल अजीम, फरमान अंसारी, तनवीर, फरीद, साकिब हुुसैन, आसिफ शेखू और चूड़ी गोदाम एवं डेकोरेशन ठेकेदारों की ओर से व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष अनिल मैनेजर, महेश चंद्र गुप्ता, सोनू गुप्ता, प्रकाश गुप्ता, दीपक, सुनील कुमार, नितिन गुप्ता आदि मौजूद रहे।