फिरोजाबाद। सरचार्ज समाधान योजना पर विद्युत विभाग ने पूरा जोर लगा दिया है। शहरी क्षेत्र में विद्युत विभाग ने एक दिन में 182 बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए, जिससे बकाएदारों में दिनभर खलबली मची रही।
सरचार्ज समाधान योजना में बकाया बिल जमा करने को 31 मार्च अंतिम तिथि है। विभाग द्वारा पंजीकरण कराने के बाद बकाया बिल जमा न करने वाले बकाएदारों के सभी एसडीओ, जेई, लाइनमैन से लेकर एसएसओ तक सूचियां थमा दी गई हैं। बिजलीघरों से बकाएदारों को फोन किए जा रहे हैं।
वहीं विद्युत टीमें सुबह से शाम तक कनेक्शन काटने क्षेत्र में दौड़ रही हैं। प्रथम डिवीजन के अंतर्गत 120 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए तथा 70 लाख राजस्व वसूला गया। द्वितीय डिवीजन में 62 बकाएदारों के कनेक्शन काटकर 48 लाख का राजस्व वसूला गया।
अधिशासी अभियंता आरपी वर्मा ने सरचार्ज समाधान में पंजीकृत समस्त उपभोक्ताओं से अपील की है कि वह शनिवार को हर हाल में बकाया बिल जमा कर दें। रविवार को अंतिम दिन होने के कारण समस्या होने पर योजना का लाभ नहीं ले सकेंगे।