फिरोजाबाद। जनपद में 31 मार्च को होने वाले मतदान के लिए नए पहचान पत्र घर-घर पहुंचाने को अभियान शुरू हो गया है। एसडीएम ने समस्त बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पहचान पत्र देते समय मतदाता के हस्ताक्षर अवश्य कराएं। किसी मतदाता द्वारा पहचान पत्र न मिलने की शिकायत पर सख्त कार्रवाई होगी।
लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। बूथों पर सफाई, पेयजल, प्रकाश, रैंप जैसी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त कराने को हर रोज प्रशासनिक अफसरों दौड़ रहे हैं। वहीं कोई मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए मतदाताओं के घर-घर पहचान पत्र पहुंचना भी शुरू हो गए हैं।
फिरोजाबाद विधानसभा 97 के तहत बूथ संख्या एक से 415 तक के 16900 नए वोटर कार्ड तहसील प्रशासन को तीन दिन पूर्व उपलब्ध हो गए थे। गुरुवार को तहसील से सभी बीएलओ को बूथ वाइज नए वोटर कार्ड उपलब्ध करा गए हैं।
एसडीएम सदर राजेश कुमार वर्मा ने समस्त बीएलओ को निर्देश दिए हैं कि वोटर कार्ड देते समय मतदाता के हस्ताक्षर अवश्य कराएं, जिससे वह सही व्यक्ति तक पहुंच सके। बीएलओ द्वारा नए वोटर कार्ड का रजिस्टर तैयार किया जा रहा है, जिससे वोटर कार्ड देते समय मतदाता के हस्ताक्षर कराए जा सकें।