फिरोजाबाद। कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए सुहागनगरी में तैयारी शुरू हो चुकी है। विशेषज्ञ तीसरी लहर में बच्चों पर अधिक असर पड़ने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में बच्चों और किशोरों के लिए शासन पूर्व ही तैयारियों में जुट गया है। शासन ने बच्चों के लिए कोरोना से बचाव के लिए दवाई की 18 हजार किटें भेजी हैं। इन किटों को निगरानी समितियों के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों और किशोरियों को उपलब्ध कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने 659 निगरानी समितियों की ड्यूटी कोरोना किट के वितरण में लगाई हैं।
महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में कोरोना की तीसरी लहर शुरू हो चुकी है। हालांकि प्रदेश में दूसरी लहर में ही स्वास्थ्य विभाग के इंतजामों की पोल खुल चुकी है। ऐसे में तीसरी लहर से निपटने के लिए अभी से संसाधन जुटाए जा रहे हैं। शासन की ओर से बच्चों और किशोरों के लिए दवाओं की किटें जिलों में भेजी जा रही हैं। बच्चों की दवाओं को उम्र के हिसाब से चार वर्गों में बांटा गया है। किशोरियों के लिए टैबलेट और बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के सीरप इन किटों में शामिल हैं। फिरोजाबाद के लिए शासन ने 18 हजार किटें भेजी हैं, जो वेयर हाउस में सुरक्षित रखी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग इन किटों का वितरण ब्लॉकों की निगरानी समितियों के माध्यम से कराएगा। ब्लॉकों को लक्ष्य भी आवंटित कर दिया गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक 26 जून को जनप्रतिनिधियों के माध्मय से बच्चों के लिए आई दवाओं की किट का वितरण शुरू हो जाएगा। 27 जून से क्षेत्रों में निगरानी समितियां किटों का वितरण करेंगी।
- यह बनाए गए हैं चार वर्ग
शासन ने बच्चों और किशोरों को चार आयु वर्ग में बांटा है। पहला वर्ग 12 माह, दूसरा वर्ग एक से पांच वर्ष, तीसरा वर्ग छह से 12 वर्ष और चौथा वर्ग 13 से 18 साल के बच्चों का रखा गया है।
- कोरोना की संभावित तीसरी लहर का असर कम करने के लिए शासन प्रशासन बेहद चौकन्ना है। यही कारण है कि तीसरी लहर के आने से पूर्व ही बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। बच्चों और किशारों के लिए दवाओं की किटें आ गई हैं। इन्हें निगरानी समितियों के माध्यम से वितरित कराया जाएगा।
डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ, सीएमओ
आयु वर्ग किट में उपलब्ध दवाएं
शून्य से पांच वर्ष पैरासीटामोल सीरप मल्टी विटामिन ड्रॉप और ओआरएस पैकेट।
छह से 12 वर्ष- पैरासीटामोल 500 सीरप, मल्टीविटामिन टैबलेट, आइवरमैक्टिन टैबलेट, ओरआरएस पैकेट।
13 से 18 वर्ष- पैरासीटामोल 650, आइवरमैक्टिन 12, एसकार्बिक एसिड, बीकांप्लेक्स और विटामिन डी3।