भीरा रेंज के पड़रिया बीट के डिम्रौल गांव में बाघ के हमले से ग्रामीण छैलबिहारी की मौत के बाद इलाके के लोगों में दहशत है।
घटना के बाद जान-माल की रक्षा के लिए ऐहतियाती तौर पर बहादुरनगर न्याय पंचायत क्षेत्र के सात स्कूलों और अहमदाबाद के प्राइमरी स्कूल को बंद कर दिया गया है।
इस बीच रामलक्ष्ना गांव के लोगों ने दावा किया है कि भीरा रेंज में बाघ अकेला नहीं है, एक बाघिन भी उसके साथ है। ग्रामीणों की ओर से बाघ को इस इलाके में दो महीने से देखे जाने का दावा किया जा रहा है लेकिन हर बार वन विभाग इसे अफवाह बताते हुए पल्ला झाड़ लेता था।
शुक्रवार को डिम्रौल और सेमरिया गांव की घटना के बाद वन विभाग ने मान लिया कि बाघ यहां काफी दिनों से है।
इसकी तस्दीक और घटनाओं के मद्देनजर शिक्षा विभाग ने बाघ के मूवमेंट वाले गांवों पल्हनापुर, बहादुरनगर, सेमरिया, रामालक्ष्ना, ग्रंट के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूल बंद करने के आदेश दिए हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी अनुराग कुमार मिश्रा ने बताया कि इन स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों की उपस्थिति एनपीआरसी कार्यालय पर दर्ज की जाएगी।