अल्लीपुर। आदमपुर गंगा घाट पर सोमवार सुबह नहाने पहुंचे तीन दोस्तों में दो गंगा नदी में डूब गए। घाट किनारे मौजूद तीसरे साथी ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोगों ने युवकों को बचाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। खबर युवकों के घर पहुंची तो कोहराम मच गया। मल्लाहों से खोजबीन शुरू कराई गई। कुछ ही देर बाद पुलिस व पीएसी पहुंच गई। शाम को लखनऊ से एसडीआरएफ टीम भी पहुंची और खोजबीन की। काफी प्रयास के बाद भी युवकों का पता नहीं चला था।
मलवां थानाक्षेत्र के अल्लीपुर निवासी संजय विश्वकर्मा (25), जगन्नाथपुर निवासी नितेश उर्फ नीलू सविता (24) व नितिन विश्वकर्मा (25) बाइक से सोमवार की सुबह आदमपुर गंगा घाट पहुंचे। नदी में नहाने के लिए संजय और नितेश ने छलांग लगा दी। जबकि नितिन किनारे ही खड़ा रहा। नदी में कूदते ही संजय और नितेश पानी के तेज बहाव में फंस गए और डूबने लगे। यह देख नितिन ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोग दौड़ पड़े।
उन्होंने नदी में कूदकर दोनों को बचाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। नितिन ने साथियों के परिजनों को खबर दी तो कोहराम मच गया। परिजन घाट किनारे पहुंचे। कुछ ही देर में सदर एसडीएम, सीओ सिटी, एसओ मलवां व पीएसी की एक टीमें वहां पहुंचीं और नदी में खोजबीन शुरू कराई। स्थानीय मल्लाहों की मदद से जाल लगाया गया। शाम को लखनऊ से एसडीआरएफ की टीम पहुंची और नदी में खोजबीन शुरू की। देर शाम तक दोनों का पता नहीं चल सका था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इनसेट...
गंगा के जलस्तर का नहीं लगा सके अंदाजा
गंगा नहाने पहुंचे संजय और नितेश नदी में छलांग लगाने से पहले उसके जलस्तर का अंदाजा नहीं लगा सके। पानी में जाते ही तेज लहरें और गहराई में दोनों फंस गए। संजय विश्वकर्मा दो भाइयों में छोटा है। उसका बड़ा भाई राजू है। जबकि तीन विवाहित बहनें हैं। संजय डीजे का काम करता है। इसके साथ ही न्यूज पोर्टल से भी जुड़ा है। इसी तरह नितेश उर्फ नीलू सविता पांच भाइयों में तीसरे नंबर का है। भाइयों में योगेश, मनीष, आशीष व विकास हैं। एक बहन राखी विवाहित है। नितेश सविता फतेहपुर के एक मार्ट में काम करता है। इसके साथ ही वह खजुहा स्थित एक डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र भी है। नितेश के परिजनों ने बताया कि सुबह उठने के बाद वह दूध लेने के लिए बाहर गया। दूध लेकर घर लौटा और तुरंत संजय की बाइक पर बैठकर नहाने के लिए निकल गया।