फतेहपुर। शहर में घूम-घूम कर स्क्रैच कूपन के नाम पर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने इंसर्ट किलर, वाटर फिल्टर बरामद किया है।
पुलिस ने शहर के पीरनपुर मोहल्ले से पांच आरोपियों अमित सिंह, रवींद्र कुमार, रिंकू, मोहन सिंह निवासी नगला, आगरा व अर्जुन सिंह निवासी मैनपुरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुल जा सिम सिम नाम के स्क्रैच कूपन 500 रुपये में बेचते थे। कूपन स्क्रैच करने पर महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान इनाम में निकलने का लोगों को लालच देकर उनके साथ धोखाधड़ी करते थे।
कूपन स्क्रैच करने पर हमेशा कम कीमत का इंसर्ट किलर व वाटर फिल्टर निकलता है। जबकि कार्ड में टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एंड्रॉयड मोबाइल, सिलाई मशीन आदि इनाम निकलने का दावा करते थे। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।