बकेवर। पसियापुर नहर पुलिया के पास से गुरुवार रात पुलिस ने तीन शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शातिरों के पास चोरी की चार बाइकें भी बरामद की। जामा तलाशी में गिरोह के मास्टरमाइंड के पास तमंचा व कारतूस मिले। पूछताछ में आरोपियों ने बाइक चोरी की कई वारदातें स्वीकारीं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया है। गिरोह के मास्टरमाइंड के खिलाफ नौबस्ता व बर्रा में चोरी व लूट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
बकेवर थाने के प्रभारी निरीक्षक जयंचद्र भारती, एसएसआई कैलाश नाथ, उप निरीक्षक आदित्य नारायण सिंह पसियापुर नहर पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान संदिग्ध दिख रहे एक बाइक पर आए तीन युवकों को उन्होंने रोका। तलाशी में एक युवक के पास तमंचा व दो कारतूस मिले। युवक की पहचान सुमित उर्फ
छोटू सविता निवासी हनुंमत विहार थाना नौबस्ता कानपुर नगर के रूप में हुई। जबकि दो अन्य की पहचान अंकित तिवारी निवासी हनुमंत विहार व रिंकू सिंह निवासी ग्राम पधारा थाना बकेवर के रूप में हुई। पुलिस ने बाइक के बारे में पूछताछ की तो वह चोरी की निकली। शातिरों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन और बाइकें बरामद की।
आरोपियों ने बताया कि बाइकें कानपुर के महराजपुर, नौबस्ता व बर्रा थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थी। जांच के दौरान पता चला कि सुमित उर्फ छोटू के खिलाफ नौबस्ता व बर्रा में चोरी व लूट के मुकदमे पहले से पंजीकृत हैं। पुलिस ने इस धरपकड़ का खुलासा शुक्रवार को थाने पर किया।