बहुआ। शादी के करीब डेढ़ महीने बाद ही युवती ने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। ससुरालीजनों से हाथापाई भी की। लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया।
चांदपुर थानाक्षेत्र के भगलापुर गांव निवासी रामगोपाल की बेटी कविता देवी (20) की शादी ललौली थानाक्षेत्र के खुरमा नगर कुनुहा डेरा निवासी सुधीर निषाद के साथ 22 जून 2021 को हुई थी। सुधीर ने बताया पत्नी से सुबह घरेलू बातों को लेकर विवाद हुआ था।
इसके बाद वह जंगल चला गया। तभी पत्नी ने कमरे में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। जंगल से लौटकर आया तो पत्नी को कमरे में लटकता देख उसके होश उड़ गए। शोर सुनकर परिवार के लोग इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलते ही मायके से सविता के पिता रामगोपाल, मां छेद्दी देवी, भाई और अन्य लोग पहुंचे। बेटी का शव देखकर मायके पक्ष के लोग भड़क उठे और ससुराल पक्ष के लोगों से मारपीट की। ग्रामीणों के बीचबचाव पर मामला शांत कराया। मायके पक्ष ने दहेज के खातिर सविता की हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष योगेंद्र पटेल ने बताया शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।