फतेहपुर। सउदी अरब में रहने वाले युवक ने दहेज में कार और सोने की चेन की मांग पूरी न होने पर पत्नी को तीन बार तलाक बोल दिया। मामलें में पुलिस ने पति समेत नौ ससुरालीजनों पर मुकदमा दर्ज किया है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के लाहौरी मोहल्ला निवासी इम्तियाज की पुत्री मुस्कान शेख की शादी बीते साल 30 नवंबर को कर्बला मोहल्ला पहाड़पुर पट्टीशाह निवासी साजिद कादरी साथ हुई थी।
मुस्कान का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति साजिद, जेठ रईस, शाहिद, दो जेठानी, ननद सज्जो, महजबी, भतीजे सरफराज, महफूज पुत्र रईस दहेज में कार की मांग करने लगे। विदाई से पहले ससुरालीजन दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर साजिद की दूसरी शादी कराने की धमकी देने लगे।
कहा कि बिना कार, सोने की पांच तोले की चेन के विदा नहीं कराएंगे। किसी तरह उसे दोबारा ससुराल भेजा गया। जहां उसका मोबाइल छीन लिया और प्रताड़ित करने लगे। दो फरवरी 2022 को जेवर बेचकर उसका पति सऊदी अरब चला गया।
ससुरालीजनों की प्रताड़ना के चलते वह मायके चली आई। 24 मई 2022 को पति ने फोन पर उससे बातचीत की और गुस्से में उसे तलाक दे दिया। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है।