फतेहपुर। ऑपरेशन पाताल के तहत बिंदकी पुलिस ने अंर्तजनपदीय असलहा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसका एक साथी मौके से भाग निकला है। पुलिस को आरोपी के पास से एक रिवाल्वर, 13 तमंचे, फैक्टरी के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस लाइन सभागार में एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि बिंदकी कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव और खजुहा चौकी प्रभारी राजेंद्र त्रिपाठी ने रामप्रताप विश्वकर्मा उर्फ लल्लू बाजपेयी निवासी यौंहन थाना हथगाम को चार तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है।
उसने फैक्टरी संचालन और तस्करी की बात कबूली है। उसने अपने साथी रामू उर्फ रामबाबू पासवान निवासी अल्लीपुर बहेरा थाना सुल्तानपुर घोष के बारे में जानकारी दी। उसकी तलाश में पुलिस सुल्तानपुर घोष स्थित छत्रपाल सिंह के भट्ठे में छापामारी की।
रामू पासवान पुलिस पर फायरिंग कर भाग निकला। खंडहर से एक रिवाल्वर, नौ तमंचे 12 बोर, एक भट्ठी, ड्रिल मशीन, हथौड़ी, आरी, लोहे का पाइप बरामद हुआ। पहली बार हथगाम पुलिस ने रामप्रताप को 1992 में असलहा फैक्टरी के साथ पकड़ा था।
उसके बाद 2004 में हथगाम और सदर कोतवाली में पकड़ा गया।
हुसैनगंज थाने से 2012 में हत्या के प्रयास, दो बार आर्म्स एक्ट में पकड़ा गया। 2013 में हथगाम में फिर आर्म्स एक्ट में पकड़ा गया। जिसके बाद रायरबरेली जिले की सरेनी और लालगंज थाना पुलिस ने 2019 में दो बार पकड़ा। 2020 में असलहा फैक्टरी के साथ सदर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
एएसपी ने बताया कि रायबरेली, प्रतापगढ़ और जिले में रिवाल्वर, तमंचे बनाकर रामप्रताप ओर उसका साथी रामू बेचते हैं। तमंचे पांच हजार और रिवाल्वर 15 हजार में बेचते हैं। फोन से बातचीत के बाद सप्लाई देने रामप्रताप जाता है। खुलासे में शामिल बिंदकी कोतवाली की टीम को 10 हजार रुपये का इनाम दिया गया है।