फतेहपुर। वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों को जनसेवा केंद्रों से ऑनलाइन आधार का प्रमाणीकरण कराना होगा। बैंक जाकर भी आधार कार्ड और पासबुक की छाया प्रति (फोटो कॉपी) जमा करना जरूरी है। इसके बाद अधिकारी लाभार्थी के आधार की सीडिंग कराएंगे। प्रमाणीकरण और सीडिंग का पूरा होने के बाद ही अगले वित्तीय वर्ष में पेंशन मिल सकेगी।
डीएम अपूर्वा दुबे ने ग्राम पंचायत अधिकारियों, पंचायत सहायकों और नगरीय क्षेत्रों में लेखपालों को वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों के आधार प्रमाणीकरण व आधार सीडिंग कराने की जिम्मेदारी दी है। इसमें दो स्तर पर कार्रवाई की जानी है। पहले पेंशन पोर्टल पर आधार कार्ड का प्रमाणीकरण किया जाना है। इसमें लाभार्थी जन सुविधा केंद्र, साइबर कैफे पर जाकर प्रमाणीकरण करा सकते हैं। उन्हें आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छाया प्रति साथ ले जानी होगी। जिला प्रबंधक ई-डिस्ट्रिक ने जनसुविधा केंद्र संचालकों को इसके निर्देश जारी किए हैं।
दूसरे स्तर पर पेंशनर के खाते में आधार सीडिंग काम काम कराया जाएगा। लाभार्थी आधार कार्ड और बैंक पासबुक के पहले पन्ने की फोटोकॉपी अपने हस्ताक्षर कर बैंक में जमा कर दें। जिला समाज कल्याण अधिकारी केएस मिश्र ने बताया कि प्रमाणीकरण और सीडिंग का काम हर हाल में 30 अप्रैल तक पूरा किया जाना है।
पारिवारिक लाभ योजना के 47 आवेदन लंबित
खागा। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना का लाभ लेने के लिए विजयीपुर, ऐरायां, हथगाम व धाता ब्लाक के 97 लोगों ने आवेदन किया था। इसमें 47 आवेदनों की अभी तक जांच नहीं हो पाई है। 50 आवेदनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर संस्तुति के साथ जिला केंद्र भेज दिया गया है। तहसीलदार शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि राजस्व निरीक्षक व लेखपालों को सप्ताह भर में जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। योजना में लाभार्थी को 30 हजार रुपये सहायता दी जाती है। (संवाद)